जमुई: मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट सिमुलतला आवासीय विद्यालय में धूमधाम से मनाया अपना 17वां स्थापना दिवस; टॉपरछात्र छात्राओं को किया गया सम्मानित
बिहार के गौरव और प्रतिभाओं की केन्द्र कहे जाने वाले सिमुलतला आवासीय विद्यालय में रविवार को 17वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष के समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय के उन पूर्ववर्ती छात्रों (Alumni) का सम्मान रहा, जो आज देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन होकर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
मुख्य बिंदु और कार्यक्रम के आकर्षण
• गौरवशाली पूर्व छात्रों का सम्मान: स्थापना दिवस पर आयोजित विशेष सत्र में विद्यालय के उन पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जो आज UPSC और BPSC/अभियंत्रण सेवा/भारतीय सेना/वायुसेना, नौसेना/यहॉ तक भारत के आंतरिक एवं वाहय सुरक्षा के क्षेत्र में भी सेवा दे रहे है। । इसके साथ ही देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में कार्यरत डॉक्टर्स, नामी कंपनियों व संस्थानों से जुड़े इंजीनियर्स को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
• भव्य उद्घाटन: कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों जिला पदाधिकारी श्री नवीन एवं पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल और प्राचार्य श्री शुभम कुमार,सेवा निवृत्त कर्नल बजरंग बिहारी सिंह पूर्व प्राचार्य डॉ शंकर कुमार, पूर्व प्राचार्य डॉ राजीव रंजन द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। साथ ही SAV ALUMNI Association के कार्यालय के साथ ही Volleyball court का भी उद्घाटन किया गया।
• सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, शास्त्रीय नृत्य, और बिहार की समृद्ध संस्कृति को दर्शाते हुए मनमोहक नाटक प्रस्तुत किए।
• उपलब्धियों का लेखा-जोखा: विद्यालय के प्राचार्य ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बिहार बोर्ड (BSEB) की परीक्षाओं में विद्यालय के छात्रों द्वारा लगातार टॉप करने और विभिन्न क्षेत्रों में सफलता का परचम लहराने की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
अतिथियों और पूर्व छात्रों का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि सिमुलतला के पूर्व छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि यहां का अनुशासित और संस्कारयुक्त माहौल प्रतिभाओं को वैश्विक पटल पर चमकाने में सक्षम है। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक महोदय ने Cyber security and career tips के विषय में बच्चों एवं अभिभावकों से जानकारी साझा किया । इसके साथ ही बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पृथ्वी के उद्देश्य से 11सूत्रीय संकल्प सामुहिक रूप लिया गया साथ ही इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य गण्यमान्य अथितियों के द्वारा पौधारोपण किया गया। बच्चों के हस्तलिखित पत्रिका नवांकुर बिहार पत्रिका के 12वें संस्करण का विमोचन किया गया।सम्मानित हुए पूर्ववर्ती छात्रों ने भी वर्तमान विद्यार्थियों से अपनी सफलता के सूत्र साझा किए और उन्हें कड़ी मेहनत व निरंतरता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
Jamui, Jamui | Aug 9, 2026