*दिवंगत सूबेदार को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत*
*शनिवार को चौड़ा पहुंचा पार्थिव शरीर; छोटे बेटे ने दी मुखाग्नि,पोते के जन्म की खुशी में दीपावली पर घर आने वाले थे*
सतना। देश की रक्षा में तैनात सतना के वीर सपूत सूबेदार मेजर दिलीप पांडेय का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान ब्रेन हेमरेज से निधन हो गया। वे भारतीय थलसेना की आर्मी एयर डिफेंस कोर में पदस्थ थे। शुक्रवार सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही गृह ग्राम चौड़ा में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उनका जम्मू कश्मीर में ही इलाज चल रहा था। परिवार में बड़े बेटे के घर पुत्र का जन्म हुआ था। इसी खुशी में दिलीप पांडेय दीपावली पर घर आने वाले थे, ताकि परिवार के साथ खुशियां मना सकें और अपने पोते को देख सकें। लेकिन ड्यूटी के दौरान ब्रेन हेमरेज होने के कारण उनकी यह इच्छा अधूरी रह गई। शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
*पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए पीछे*
दिलीप पांडेय के पिता रामेश्वर प्रसाद पांडेय का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी संध्या पांडेय और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विक्रम निजी नौकरी करता है, जबकि छोटा बेटा विनीत इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहा है। शनिवार को अंतिम संस्कार के दौरान छोटे बेटे विनीत पांडेय ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान पत्नी संध्या, बड़े बेटे विक्रम और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
*देश की हवाई सुरक्षा में निभाते थे अहम जिम्मेदारी*
दिलीप पांडेय भारतीय थलसेना की आर्मी एयर डिफेंस कोर में तैनात थे। यह कोर दुश्मन के विमानों, ड्रोन और मिसाइल हमलों से देश के हवाई क्षेत्र और सैन्य ठिकानों की सुरक्षा करती है। राष्ट्रसेवा में समर्पित इस वीर सैनिक के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।