#बालोतरा: पुलिस अधीक्षक बालोतरा ने थाना गिड़ा में जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाएं सुनीं, त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश।
अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मादक पदार्थों पर प्रभावी अंकुश की समीक्षा की।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लेकर समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए, उपस्थित जनों को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रतिज्ञा भी दिलाई।
आज दिनांक 10.10.2026 को पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा श्री राजेश कुमार काॅवत आईपीएस ने थाना गिड़ा का दौरा कर थाना परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की परिवेदनाएं सुनीं। जनसुनवाई में पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी, सीएलजी सदस्य, यूथ सीएलजी सदस्य, ग्राम रक्षक सहित बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं आमजन उपस्थित रहे। उपस्थित नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रस्तुत किए। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक परिवेदना को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आमजन को विश्वास दिलाया कि बालोतरा पुलिस उनकी सुरक्षा, न्याय एवं समस्याओं के समाधान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
पुलिस अधीक्षक ने आगामी चुनाव एवं त्योहारों के मद्देनजर आमजन से सतर्क एवं सजग रहने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को प्रत्येक परिवेदना का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर फरियादियों को प्रकरण की प्रगति से नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के उपरांत आयोजित अपराध गोष्ठी में उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, वांछित एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, अवैध शराब एवं अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
@policerajasthan
#BalotraPolice #Jansunwai #CrimeMeeting #NewCriminalLaw2023