प्लास्टिक कचरे का प्रभावी डोर-टू-डोर संग्रहण सुनिश्चित करें : उपायुक्त
159 ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए एडॉप्शन प्रक्रिया पूरी, भरमौर में दो माह में 102 टन प्लास्टिक सीमेंट प्लांट भेजा
चंबा, 7 अक्तूबर 2026
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के अंतर्गत ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के तहत एडॉप्टेड ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरे का प्रभावी डोर-टू-डोर संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी ग्राम सभा बैठकों में शेष पंचायतों में भी ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 को लागू करने के लिए एडॉप्शन प्रक्रिया पूरी की जाए।
उपायुक्त आज ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिले में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा को लेकर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में खंड विकास अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
सेमी-अर्बन क्षेत्रों में संग्रहण को मिले प्राथमिकता
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विकासखंड स्तर पर प्लास्टिक कचरे के डोर-टू-डोर संग्रहण की समीक्षा की और खंड विकास अधिकारियों से अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी ली। उन्होंने प्रथम चरण में सेमी-अर्बन क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन स्थलों तथा मासिक शुल्क की व्यवस्था की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
159 पंचायतों में एडॉप्शन प्रक्रिया पूरी
उपायुक्त ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के अनुसार जिले की 159 ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए एडॉप्शन प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि विकासखंड भरमौर में पिछले दो माह के दौरान लगभग 102 टन प्लास्टिक कचरा सीमेंट प्लांट भेजा जा चुका है। इसमें मणिमहेश यात्रा के दौरान एकत्रित किया गया प्लास्टिक कचरा भी शामिल है।
विकासखंड चंबा में करीब 30 क्विंटल प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर सीमेंट प्लांट भेजा गया है, जबकि सलूणी विकासखंड में दो क्विंटल बेल्ड प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया है।
इन पंचायतों में शुरू हुआ डोर-टू-डोर संग्रहण
उपायुक्त ने बताया कि विकासखंड तीसा की भंजराडू और तीसा-1 तथा भरमौर विकासखंड की भरमौर और होली ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर प्लास्टिक कचरा एकत्रीकरण शुरू हो चुका है।
भटियात विकासखंड की सिहुन्ता और छलाड़ा पंचायतों में पायलट आधार पर जल्द यह व्यवस्था शुरू की जाएगी। वहीं विकासखंड मैहला में एक नवंबर से प्लास्टिक कचरा एकत्रीकरण का कार्य आरंभ किया जाएगा। पांगी विकासखंड में डोर-टू-डोर संग्रहण व्यवस्था के लिए चार जोन चिन्हित किए गए हैं।
पीएम आवास योजना में टारगेटेड अप्रोच के निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के तहत विशेष फोकस रखते हुए टारगेटेड अप्रोच अपनाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के अंतर्गत ऑनलाइन डाटा एंट्री प्रक्रिया को भी पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विभिन्न विकासखंडों के अंतर्गत लंबित कार्यों और विभागीय जांच से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में खंड विकास अधिकारी भरमौर, पांगी, तीसा, भटियात और सलूणी वर्चुअल रूप से जुड़े। जिला विकास अधिकारी तेवेंद्र चनोरिया, अर्थशास्त्री विनोद कुमार, खंड विकास अधिकारी चंबा महेश ठाकुर, मैहला के डॉ. बशीर खान सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
DC Chamba
Tribal Live News @topfans #highlights
Chamba, Chamba | Oct 7, 2026