बैरगनिया में जिलाधिकारी ने की योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा
लापरवाही एवं अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, संबंधित पदाधिकारियों के वेतन स्थगन का निर्देश
जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने आज बैरगनिया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया तथा नगर परिषद क्षेत्र एवं प्रखंड स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद बैरगनिया के कार्यों की विशेष रूप से समीक्षा की। योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित अभियंता के कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिला पदाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने बैरगनिया में प्रस्तावित बाइपास सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विकास योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में जीवन प्रमाणीकरण, पीएम सूर्य घर योजना एवं पीएम रोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत बैरगनिया प्रखंड में अब तक 207 इंस्टॉलेशन किए जाने की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के लक्ष्य की प्राप्ति के साथ-साथ पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आमजनों का काम सर्वोच्च प्राथमिकता पर होना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को अपने कार्य के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा जन शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके अलावा जिला पदाधिकारी ने एसएसबी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने, सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा विशेष रूप से शराब तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आम जनता के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने तथा प्रशासनिक कार्यों में पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।