बैरगनिया बाइपास सड़क निर्माण में तेजी लाने का डीएम ने दिया निर्देश
बैरगनिया में निर्माणाधीन बाइपास सड़क के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों से मिल रही शिकायतों के मद्देनजर जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया।
उन्होंने मौके पर निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं ठेकेदार से कार्य की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति तथा निर्माण में आ रही बाधाओं के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना के कार्यों में अनावश्यक विलंब से आम लोगों को परेशानी होती है। इसलिए निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप रखते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा और कार्य में अपेक्षित तेजी सुनिश्चित करना संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी होगी।