भिवानी में मोदी विचार मंच ने मनाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन, महीने भर चलेगा मानव सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर जीतूवाला ओवरब्रिज को तिरंगे की लडिय़ों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया
भिवानी, 18 सितंबर : मोदी विचार मंच द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन और भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर स्थानीय लाइनपार क्षेत्र स्थित साईं मार्केट, सेवा नगर में एक उत्सव का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता महापंचायत के संयोजक रोहतास वर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में रामशरण ठेकेदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा जन्मदिन का केक काटकर और पार्षद शिवकुमार गोठवाल, मनीष बंसल व मनोज मोजा द्वारा देशी घी के 11 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान पूरा प्रांगण मोदी जिंदाबाद और मोदी-मोदी के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। जन्मोत्सव आयोजन कमेटी के अध्यक्ष मनीष बंसल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि वे वर्ष 2015 से निरंतर प्रधानमंत्री का जन्मोत्सव मना रहे हैं और यह इस कड़ी का 11वां आयोजन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सनातन संस्कृति के रक्षक, राष्ट्रभक्त और समर्पित जननायक हैं, जिनके नेतृत्व में देश का मान विश्वभर में बढ़ा है। मुख्य अतिथि रामशरण ठेकेदार ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद लाइनपार क्षेत्र में रिकॉर्ड विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने जीतूवाला ओवरब्रिज (सी-52 रेल ओवरब्रिज) का उल्लेख करते हुए कहा कि जन्मदिन के अवसर पर इसे तिरंगे की लडिय़ों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस ओवरब्रिज का नामकरण मोदी पुल किया जाए। पार्षद शिवकुमार गोठवाल ने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है, जिसके अंतर्गत वर्षों से जर्जर दिनोद रोड का नवनिर्माण कराया गया है। उमाशंकर सुधार ने विश्वकर्मा जयंती का महत्व समझाते हुए प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की। हरियाणा के कलाकार इंद्र सिंह लांबा ने बधाई गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्षता कर रहे रोहतास वर्मा ने घोषणा की कि 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और जनता के सुझाव सोशल मीडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
फोटो : मोदी जी के जन्मदिन पर ओवरब्रिज पर जगमगाती लाईटें।