जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में मनाया आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम, भिवानी कैंपस में महीने भर चलेंगे सेवा कार्य
समाज के प्रति हमारी जवाबदेही और सेवा भावना का संकल्प है सेवा माह अभियान : सुनील रंगा
भिवानी, 18 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग भिवानी कैंपस में आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशियां बांटीं और प्रधानमंत्री के दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। विभाग द्वारा इस अवसर पर घोषणा की गई कि आने वाले पूरे एक महीने तक सेवा भाव से विभिन्न जनकल्याणकारी और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि सरकार की मंशा के अनुरूप विभाग द्वारा अगले एक माह तक सेवा माह के रूप में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभाग की ओर से रक्तदान शिविर, आमजन व कर्मचारियों के स्वास्थ्य संवर्धन के लिए योग शिविर तथा विभागीय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन अधीक्षण अभियंता सुनील रंगा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अधीक्षण अभियंता सुनील रंगा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के रूप में मनाना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व की बात है। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम केवल एक सांकेतिक उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जवाबदेही और सेवा भावना का संकल्प है। आगामी एक महीने तक चलाए जाने वाले रक्तदान, योग और स्वच्छता शिविरों के माध्यम से हम न केवल पर्यावरण और स्वास्थ्य का संदेश देंगे, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक राहत पहुंचाने का प्रयास करेंगे। विभाग का हर कर्मचारी इन सेवा कार्यों में अपना शत-प्रतिशत योगदान देगा। कार्यक्रम के सफल संचालन में मुख्य भूमिका निभाने वाले बिजेश जावला ने कहा कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित यह कार्यक्रम अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी सामंजस्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। आशीर्वाद का दीया जलाकर हमने राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का जो संकल्प लिया है, उसे हम पूरे महीने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से धरातल पर उतारेंगे। रक्तदान जैसे महादान शिविर और स्वच्छता अभियान से न केवल परिसर का वातावरण स्वच्छ रहेगा, बल्कि आमजन को भी इसमें सहभागिता करने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर दीपक जेई, बुधराम नागर, सत्येंद्र, अंकित जावला, नीरज वालिया, नवदीप, परवेज आलम, सतवीर, राहुल, आशुतोष, वजीर, रौनक, प्रिंस, अर्जुन, अमरजीत, शालीग्राम भी मौजूद रहे।