RCFC बचाओ आंदोलन को मंडी जिला के सात ब्लॉकों के पेंशनर्स संघ का समर्थन
शिफ्टिंग की अधिसूचना रद्द होने तक जारी रहेगा आंदोलन, सामूहिक अनशन की भी तैयारी
जोगिंदर नगर, शिव कुमार।
जोगिंदर नगर स्थित क्षेत्रीय सह-सुविधा केंद्र (RCFC) को बचाने के लिए जारी भूख हड़ताल को शुक्रवार को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब मंडी जिला के सात ब्लॉकों से आए पेंशनर्स संघ के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया। पेंशनर्स संघ के प्रतिनिधियों ने संघर्ष समिति के संयोजक, उपाध्यक्ष, सचिव तथा भूख हड़ताल पर बैठे सदस्यों से मुलाकात कर संस्थान को जोगिंदर नगर में ही बनाए रखने की मांग का समर्थन किया।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज, उपाध्यक्ष लाभ सिंह ठाकुर, सचिव कर्म चंद, सलाहकार भूपेंद्र ठाकुर तथा भूख हड़ताल का नेतृत्व कर रहे विवेक राणा सहित अन्य सदस्यों ने पेंशनर्स संघ के नेताओं और सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने आंदोलन को समर्थन देने के लिए पेंशनर्स संघ का आभार जताया। इस दौरान नेक राम शास्त्री सहित जोगिंदर नगर के अनेक पेंशनर्स भी मौजूद रहे।
केंद्रीय आयुष मंत्री के साथ हुई सार्थक बातचीत
संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज ने बताया कि संघर्ष समिति के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा की उपस्थिति में केंद्रीय आयुष मंत्री से मुलाकात कर RCFC को जोगिंदर नगर से स्थानांतरित करने के निर्णय पर अपना पक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल में अजय ठाकुर, गुरुशरण परमार, ज्ञान चंद ठाकुर, संजीव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और दूसरे राज्यों से इस केंद्र का लाभ लेने वाले प्रतिनिधि भी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय आयुष मंत्री के साथ हुई बातचीत सार्थक रही। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा के अलावा अनुराग ठाकुर, डॉ. राजीव भारद्वाज और कंगना रनौत ने भी संघर्ष समिति की मांगों को लेकर उनसे चर्चा की है तथा केंद्र को शिफ्ट न करने का अनुरोध किया है। कुशाल भारद्वाज के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मामले में शीघ्र उचित निर्णय लिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने इसके बाद केंद्रीय आयुष सचिव से भी बातचीत की। संघर्ष समिति के अनुसार, सचिव ने भी मामले में सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सांसद अनुराग शर्मा का जताया आभार
कुशाल भारद्वाज ने दिल्ली जाकर संघर्ष समिति का पक्ष मजबूती से रखने और सार्थक बातचीत करने वाली टीम को बधाई दी। उन्होंने केंद्रीय आयुष मंत्री के साथ बैठक करवाने और स्वयं बैठक में शामिल होने के लिए राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा का विशेष आभार जताया। साथ ही, संघर्ष समिति की मांगों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाने के लिए हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के सांसदों का भी धन्यवाद किया।
अधिसूचना रद्द होने तक जारी रहेगा संघर्ष
कुशाल भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार को जोगिंदर नगर में मौजूद संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और उपलब्ध कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक RCFC की शिफ्टिंग संबंधी अधिसूचना रद्द नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन को और मजबूती देने के लिए जल्द ही सामूहिक अनशन जैसी गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही संघर्ष समिति की पूर्ण कार्यकारिणी की बैठक आयोजित कर आंदोलन के अगले चरण की रणनीति तय की जाएगी। कुशाल भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि यदि संस्थान को जोगिंदर नगर में बहाल नहीं किया गया, तो संघर्ष के अगले चरण को और उग्र किया जाएगा।