पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना रोजा का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लेकर फरियादियों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश।
शाहजहांपुर -पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित द्वारा थाना रोजा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, एवं थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा संतरी ड्यूटी का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की सतर्कता, वर्दी एवं ड्यूटी संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। इसके उपरांत एसपी द्वारा बाल शिशु गृह एवं मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया गया। मिशन शक्ति से संबंधित गतिविधियों, महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता एवं सहायता हेतु उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी द्वारा थाना सीसीटीएनएस कार्यालय, आईजीआरएस/जनसुनवाई से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनसुनवाई एवं आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना रोजा पर आए फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना गया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए किए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण तथा थाना क्षेत्र में निरंतर प्रभावी पुलिस गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित करने हेतु भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Sep 16, 2026