कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर तलाशें विद्यार्थी:आरुषि नेगी
यमुनानगर। डीएवी कॉलेज फॉर गर्ल्स, यमुनानगर के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल व वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नवाचार एवं उद्यमिता के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपकरण और उभरती तकनीकी विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ सुरिंदर कौर, आईआईसी कनवीनर विवेक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। हिट बुल्सआई की मैनेजर आरुषि नेगी मुख्य वक्ता रहीं।
नेगी ने छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न टूल्स, उनकी कार्यप्रणाली और बदलते तकनीकी परिदृश्य में उनकी बढ़ती उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एआई तकनीक न केवल समय और श्रम की बचत करने में सहायक है, बल्कि यह रचनात्मकता, विश्लेषणात्मक क्षमता, निर्णय लेने की दक्षता और कार्य की गुणवत्ता को भी बेहतर बना सकती है।
अर्थशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका जसमीत कौर ने छात्राओं को विभिन्न एआई टूल्स के माध्यम से नए विचार विकसित करने, समस्याओं का समाधान खोजने, व्यावसायिक योजनाएं तैयार करने तथा स्टार्टअप की संभावनाओं को तलाशने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए नई तकनीकों की समझ विकसित करना और उन्हें अपनी कार्यक्षमता का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी बदलावों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और अपने नवाचारी विचारों को व्यावहारिक स्वरूप देने के लिए प्रेरित किया।
प्राध्यापिका शैली चौहान ने छात्राओं को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में निशी ग्रोवर, पूजा सिंदवानी, डॉ शिखा सभ्रवाल, नीलम, ज्योति व ईशी ने योगदान दिया।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Oct 30, 2026