डेंगू की रोकथाम के लिए शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में जीरो लार्वा अभियान जारी
स्वास्थ्य विभाग के 4 दलों द्वारा 27 कार्यालयों/संस्थानों का किया गया लार्वा सर्वे
29 कंटेनरों में पाए गए एडीज मच्छर के लार्वा का किया गया नष्टीकरण
=================================================================
डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में माह अगस्त के दौरान “जीरो लार्वा अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत बुधवार एवं गुरुवार को शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में स्वास्थ्य विभाग के 4 दलों द्वारा एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे किया गया।
अभियान के तहत आज कुल 27 कार्यालयों/संस्थानों में 65 वाटर कंटेनर—कूलर, फ्रिज, सीमेंट टांके, सिंटेक्स टैंक, फाउंटेन, अनुपयोगी बर्तन एवं टायर आदि में एडीज मच्छर के लार्वा का सर्वे किया गया। इनमें से कुल 29 कंटेनरों में पाए गए लार्वा का नष्टीकरण किया गया।
जिन कार्यालयों एवं संस्थानों में सर्वे किया गया, उनमें आबकारी कार्यालय, राजस्व निरीक्षक कार्यालय, म.प्र. पटवारी संघ कार्यालय, जिला शिक्षा केंद्र, रोजगार कार्यालय, वन मंडल कार्यालय, सामाजिक न्याय विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग, जिला पंचायत कार्यालय, जनपद कार्यालय, उद्यानिकी विभाग, तहसील कार्यालय, नेमा नेत्रालय, पाण्डेय नर्सिंग होम, नीरजा तिवारी अस्पताल, कल्पतरु हेल्थ केयर, पवार अस्पताल, वर्मा अस्पताल, सोनारे हॉस्पिटल, निरामय एवं बालाजी हॉस्पिटल शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने कार्यालयों में रखे पानी के सभी कंटेनर, कूलर, फ्रिज, टांके, टंकियां, टायर एवं डिस्पोजल्स की प्रत्येक सप्ताह किसी कर्मचारी से जांच करवाएं, ताकि इनमें एडीज मच्छर के लार्वा न पनप सकें। पानी के बड़े कंटेनर, जिनकी सफाई एवं ढंकना संभव न हो, उनमें प्रत्येक सप्ताह मीठा तेल डालने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों में दर्द, जोड़ों में दर्द अथवा नाक एवं मसूड़ों से रक्तस्राव होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। डेंगू की जांच जिला चिकित्सालय/छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू एलिसा टेस्ट के माध्यम से निःशुल्क कराई जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में डेंगू के संचरण एवं प्रसार को समाप्त अथवा कम करने के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।
लार्वा सर्वे दल में सर्विलांस निरीक्षक श्री धीरज सारवन, श्री देव खरे, श्री चंद्रशेखर कराड़े, श्री गोपाल धुर्वे, श्री माधव कुरेती, श्री शाहिद सिद्दीकी, सुश्री रोशनी मराफे, श्री बारीक राम बावरकर एवं श्री जानराव मर्सकोले शामिल थे।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Aug 13, 2026