जिले के जनपद पंचायत कोतमा अंतर्गत ग्राम पंचायत बैहाटोला में 11.22 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नवीन आंगनवाड़ी भवन का भूमिपूजन मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि गांवों के विकास के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार निरंतर किया जा रहा है। आंगनवाड़ी भवन गांव की महत्वपूर्ण आवश्यकता है, जिसका निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मापदंडों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचे और पात्र परिवार शासन की योजनाओं से जुड़ें, इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम में नल-जल योजना, सड़क, खेत-तालाब, चौपाल, ग्रेवल मार्ग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पीएम श्री विद्यालय एवं मंगल भवन सहित विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सिंचाई सुविधाओं और जल संरचनाओं के विस्तार से किसानों को लाभ पहुंचाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, संबल, उज्ज्वला, लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा खाद्यान्न पर्ची सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। वंचित पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के साथ विद्यार्थियों को साइकिल, लैपटॉप और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं और लाभ पहुंचाना है। इसके लिए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत संवि मेहरा एवं दिव्यांशी को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत कोतमा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री शीतल ठाकुर सहित सचिव, सरपंच, जनप्रतिनिधिगण एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #anuppur