मध्य प्रदेश शासन कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्रप्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रदेश में शासन, प्रशासन के समन्वय से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सहभागिता से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। प्रत्येक नागरिक अपने दायित्व का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोतमा में विकासखण्ड स्तरीय चित्रकला, निबंध, रंगोली एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उक्ताशय के विचार व्यक्त किए।
जीत धुर्वे के चित्र और परिधि पाण्डेय के भाषण की सराहना
राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और उनके विषय एवं कल्पना के संबंध में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थी जीत धुर्वे द्वारा विकसित भारत की संकल्पना पर तैयार किए गए चित्र का अवलोकन करते हुए राज्यमंत्री ने उसकी विषयवस्तु एवं रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की तथा विद्यार्थी का उत्साहवर्धन किया। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थी परिधि पाण्डेय ने ‘विकसित भारत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #anuppur
25 views | Anuppur, Madhya Pradesh | Sep 24, 2026