हरियाणा प्रदेश के 60 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित
विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, हरियाणवी संस्कृति की दिखी झलक
हरियाणा की छह दशकों की विकास यात्रा और उपलब्धियों का उत्सव है हीरक जयंती समारोह : नगराधीश जागृति
शिक्षा ही समाज और प्रदेश की प्रगति का आधार : रमेश बत्रा
पंचकूला, 1 नवंबर : हरियाणा प्रदेश के गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-19 में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी के संदेश एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारित किए गए।
जिला स्तरीय समारोह में नगराधीश सुश्री जागृति, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी श्री विनय प्रताप, उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश बत्रा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-19 की प्राचार्या श्रीमती निर्मल ढूल ने विशेष रूप से शिरकत की।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, हरियाणवी संस्कृति की दिखी झलक*
समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-19 के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके उपरांत 'हराभरा हरियाणा' गीत पर आधारित हरियाणवी नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली परंपराओं को जीवंत कर दिया।
वहीं, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15 की छात्राओं ने 'मैं सूं हरियाणा की छोरी' गीत पर शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत कर महिला सशक्तिकरण और हरियाणवी नारी के आत्मविश्वास एवं सामर्थ्य का संदेश दिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-19 की छात्राओं तनवी और आशीमा ने हरियाणा की गौरवगाथा एवं नारी शक्ति पर आधारित प्रभावशाली कविता प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15 की छात्राओं दीपा और माही ने प्रदेश की समृद्ध संस्कृति एवं गौरवशाली विरासत पर आधारित कविता के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
*हरियाणा की छह दशकों की विकास यात्रा और उपलब्धियों का उत्सव है हीरक जयंती समारोह : नगराधीश जागृति*
इस अवसर पर नगराधीश सुश्री जागृति ने जिलावासियों को हरियाणा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर, 1966 को हरियाणा एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। तब से लेकर आज तक प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा दिवस प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गौरव और उत्सव का अवसर है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में हीरक जयंती समारोह आयोजित किए गए हैं। ये समारोह प्रदेशवासियों के छह दशकों के परिश्रम, समर्पण, सेवा और उपलब्धियों को स्मरण करने के साथ-साथ हरियाणा की विकास यात्रा को सम्मान देने का अवसर हैं।
नगराधीश ने विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना और अपनी उपलब्धियों पर गर्व करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। इस अवसर पर नगराधीश ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों देने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी और मोमेंटो देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
*शिक्षा ही समाज और प्रदेश की प्रगति का आधार : रमेश बत्रा*
कार्यक्रम में उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश बत्रा ने समारोह में पहुंचने पर नगराधीश सुश्री जागृति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वही समाज, प्रदेश और देश तेजी से विकास करता है, जो शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इससे पूर्व विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती निर्मल ढूल ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री सुशील शर्मा ने किया।