आगामी त्योहारों को लेकर बहराइच पुलिस अलर्ट, एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बल के साथ किया पैदल मार्च
बहराइच में आगामी त्योहारों—बारावफात, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी—को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने नगर क्षेत्र में घंटाघर से रोडवेज और तिकोनी बाग होते हुए डीएम तिराहा तक भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।
एसपी ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए।
जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (नगर/ग्रामीण) और समस्त क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।