सम्भल में प्रभारी यातायात निरीक्षक दुष्यंत बालियान के नेतृत्व में कस्बा बहजोई में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया वीडियो को शेयर करने की अपील
यूपी के जनपद सम्भल में यातायात माह नवंबर के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी यातायात निरीक्षक दुष्यंत बालियान के नेतृत्व में कस्बा बहजोई में विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित सफर का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में टीएसआई अशोक कुमार एवं हेड कांस्टेबल सोनू कुमार ने लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने तथा सड़क पार करते समय सावधानी बरतने सहित विभिन्न यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही लोगों को बताया गया कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के अनमोल जीवन की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।
इस अवसर पर यातायात कर्मी कुलभूषण, मनिंदर, सौरभ एवं अमित उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा आमजन को सुरक्षित यातायात के लिए अपनी जिम्मेदारी समझने हेतु प्रेरित करना रहा। यातायात पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
याद रखें – सड़क पर आपकी एक छोटी सी सावधानी किसी परिवार की पूरी दुनिया बचा सकती है।
नियमों का करें सम्मान, सुरक्षित रहे हर इंसान।
सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा।