जनकल्याण शिविरों की अद्यतन जानकारी पोर्टल पर हो दर्ज-कलेक्टर
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा में लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित
--
शासन के निर्देशानुसार जिले के विकासखण्ड स्तरीय तथा नगरीय स्तर पर आयोजित किये गये जनकल्याण शिविरों की अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज हो यह सुनिश्चित किया जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक में जिला अधिकारियों को दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने निर्देश दिए कि जनकल्याण शिविरों में प्राप्त आवेदनों पर विभागवार की गई कार्यवाही तथा हितलाभ की जानकारी का डेटा विभागवार डेशबोर्ड में इन्द्राज किया जाए। उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनान्तर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाईन की विभागवार ग्रेडिंग समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाईन की ग्रेडिंग में डी,सी एवं बी ग्रेड में आने वाले विभाग शिकायतों का निराकरण कराकर ए ग्रेड प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने 50 दिवस से अधिक शिकायतों के निराकरण के संबंध में निर्देशित किया कि शिकायतों का नियमानुसार निराकरण कराया जाए। बैठक में आगामी 15 अगस्त के अवसर पर जिले की एक वर्ष की उपलब्धियों की विकास पुस्तिका के संबंध में सभी विभागों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों की जानकारी दो दिवस में अनिवार्यत: उपलब्ध कराये। जिससे तत्संबंधी कार्यवाही वरिष्ठ कार्यालय को भेजी जा सके।
बैठक में कलेक्टर-कमिश्नर्स कान्फ्रेंस के बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कलेक्टर-कमिश्नर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा की बिन्दुवार जानकारी अपडेट रखी जाए। बैठक में ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन नियम 2026 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय समिति की समीक्षा कर संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्लॉस्टिक की वस्तुओं के उपयोग को रोकने के संबंध में निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में विशेष प्रयास कर बेहतर सेवाएं दी जाए। टीवी उन्मूलन कार्यक्रम का प्रत्येक स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन एवं कुपोषित बच्चों की पहचान एवं उपचार की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए।
बैठक ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए नामांकन में वृद्धि,पुस्तकों एवं साईकिलों का वितरण तथा पोर्टल पर एंट्री,उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान तथा विभागीय कार्यो की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यो की समीक्षा के दौरान जनमन आवास तथा वृंदावन ग्रामों की समीक्षा की। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत विभागीय प्रगति,रिपोर्ट की विस्तृत समीक्षा कर निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य सचिव द्वारा विभिन्न बिन्दुओं पर की जाने वाली समीक्षा बैठक के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती माधुरी पटेल, संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही समस्त एसडीएम एवं सीईओ जनपद पंचायत गूगल मीट से जुडकर भाग लिया।
#ashoknagar