*पुलिस लाइंस में शान से लहराया तिरंगा, नन्दी ने किया ध्वजारोहण*
प्रतापगढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइंस स्थित परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
समारोह में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, सदर विधायक राजेन्द्र मौर्या समेत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा अन्य अतिथि मौजूद रहे।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में साकेत गर्ल्स इंटर कॉलेज, बीएसएस एकेडमी, तुलसी का पुरवा उच्च प्राथमिक विद्यालय और पीएम श्री राजकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने तथा देशहित में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। समारोह ने राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता और जनसेवा की भावना को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
*रोहित जायसवाल पत्रकार, हिन्दुस्तान अखबार, सी न्यूज भारत चैनल पत्रकार*