*Manimahesh Yatra 2026 : राधाष्टमी शाही स्नान के साथ मणिमहेश यात्रा संपन्न*
20 हजार भक्तों ने लगाई डुबकी
विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के राधाष्टमी शाही स्नान के दौरान करीब बीस हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र डल में आस्था की डुबकी लगाई है। शुक्रवार एक बजकर दो मिनट पर आरंभ शाही स्नान का सिलसिला शनिवार को दोपहर बाद तीन बजकर 28 मिनट तक जारी रहा। शाही स्नान की अवधि समाप्त होते ही मणिमहेश यात्रा 2026 का अधिकारिक तौर पर समापन हो गया है।
रविवार को मणिमहेश यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात स्टाफ भी वापस लौट आएगा। इस वर्ष मणिमहेश यात्रा का अधिकारिक तौर पर शुभारंभ रक्षाबंधन के दिन हुआ था। इसके बाद से श्रद्धालुओं के लगातार पवित्र डल में डुबकी लगाने के लिए जाने का सिलसिला जारी रहा। जन्माष्टमी के छोटे न्हौण पर करीब दस हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र डल में स्नान किया था। राधाष्टमी के शाही स्नान यानि बड़े न्हौण में पवित्र डल में डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं का आंकडा बीस हजार रुपए के करीब रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए थे पुख्ता प्रबंध
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपमंडलीय प्रशासन की ओर से पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का आनलाइन पंजीकरण किया गया। कुगति परिक्रमा मार्ग पर गत वर्ष के कटु अनुभवों को देखते हुए इस वर्ष बाहरी राज्यों के श्रद्धालुओं की आवाजाही पर रोक रही। इस वर्ष मणिमहेश यात्रा के दौरान हड़सर- मणिमहेश पैदल यात्रा मार्ग पर तबीयत बिगडऩे से चार श्रद्धालुओं की मौत हुई है। दो श्रद्धालुओं की मौत चंबा-भरमौर एनएच पर सडक़ हादसे में हुई है। बहरहाल, राधाष्टमी के शाही स्नान के साथ ही मणिमहेश यात्रा 2026 का भी समापन हो गया है।
Chamba, Chamba | Sep 21, 2026