*वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय सेना की क्रॉस कंट्री उड़ान यात्रा पहुंची झालावाड़*
*तीन माइक्रोलाइट विमानों ने कोलाना एयरपोर्ट पर किया लैंड, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड एवं विद्यार्थियों ने किया सेना के पायलट्स का स्वागत*
झालावाड़, 21 नवम्बर। वंदे मातरम् के एकता और राष्ट्रभक्ति के संदेश की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में भारतीय सेना द्वारा आयोजित क्रॉस कंट्री साहसिक एवं प्रचार उड़ान अभियान के तहत शनिवार को तीन माइक्रोलाइट विमान झालावाड़ पहुंचे। तीनों विमानों ने जिले के कोलाना एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।
भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल ने बताया कि तीन माइक्रोलाइट विमानों के साथ यह विशेष क्रॉस कंट्री साहसिक एवं प्रचार उड़ान अभियान 16 नवम्बर को गया से प्रारंभ हुआ था। अभियान के तहत शनिवार को सेना के तीनों विमान झालावाड़ पहुंचे हैं। यहां से यह विमान उत्तर भारत के मेरठ सहित विभिन्न स्थानों तथा गुजरात से होते हुए आगामी 7 दिसम्बर को बेंगलुरु पहुंचेंगे, जहां इस अभियान का समापन होगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुल 21 उड़ान दिवसों में तीनों माइक्रोलाइट विमान लगभग 4,443 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए देश के विभिन्न शहरों एवं राज्यों से होकर गुजरेंगे। अभियान का प्रमुख उद्देश्य देश के युवाओं में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं देशसेवा की भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भारतीय सेना में शामिल होकर राष्ट्र की सेवा करने के लिए प्रेरित करना है। इन विमानों का संचालन भारतीय सेना के प्रशिक्षित एवं अनुभवी माइक्रोलाइट पायलट्स द्वारा किया जा रहा है।
*एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक किया स्वागत*
कोलाना एयरपोर्ट पर भारतीय सेना के माइक्रोलाइट विमानों के पहुंचने पर जिले के एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं गाइड तथा विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सेना के पायलट्स एवं उनके साथ आए स्टाफ का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं ने माइक्रोलाइट विमानों को नजदीक से देखा तथा भारतीय सेना के अधिकारियों एवं पायलट्स से विमानों की कार्यप्रणाली, उड़ान संचालन, सेना के साहसिक अभियानों एवं सेना में उपलब्ध विभिन्न अवसरों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
सेना के अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, साहस, समर्पण, राष्ट्रप्रेम एवं देशसेवा के महत्व से अवगत कराया। माइक्रोलाइट विमानों की इस विशेष यात्रा ने युवाओं में भारतीय सेना के प्रति उत्सुकता एवं आकर्षण बढ़ाया।
*कोलाना एयरपोर्ट के लिए भी गौरवपूर्ण अवसर*
भारतीय सेना के तीन माइक्रोलाइट विमानों का झालावाड़ आगमन जिले के लिए गौरवपूर्ण अवसर रहा। इस ऐतिहासिक क्रॉस कंट्री उड़ान अभियान का हिस्सा बनने से कोलाना एयरपोर्ट को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। अभियान के माध्यम से भारतीय सेना ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं तक राष्ट्रभक्ति, एकता एवं देशसेवा का संदेश पहुंचाने की सराहनीय पहल की है। झालावाड़ में सेना के विमानों का आगमन जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव रहा।#Jhalawar #IndianArmy #VandeMataram150 #KolanaAirport #ArmyReels #JaiHind #NCC #Rajasthan #DeshBhakti #MicrolightAircraft #TrendingReels #YouthOfIndia