➡️ #स्वामित्व_योजना से ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का कानूनी अधिकार : केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके
➡️ नि:शुल्क पक्की रजिस्ट्री से बैंक ऋण, क्रय-विक्रय सहित विभिन्न कार्यों में मिलेगी सुविधा बैतूल जिले में
➡️ 45 हजार स्वामित्व दस्तावेजों का पंजीयन पूर्ण, धनतेरस पर 6 चयनित ग्रामों में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 के तहत धनतेरस के शुभ अवसर पर शुक्रवार को बैतूल जिले के 6 चयनित ग्रामों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों के आवासीय भूखंडों के स्वामित्व अधिकार अभिलेखों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराया गया। इसी क्रम में बैतूल विकासखंड के ग्राम साकादेही में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री एवं सांसद श्री दुर्गादास उईके की उपस्थिति में पंजीयन कार्य शत प्रतिशत संपन्न किया गया।
कार्यक्रम में जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, तहसीलदार डॉली रायकवार, श्री नितिन बारस्कर, श्री माधवराव मानकर, श्री बबलू नागले, श्री सोनू धुर्वे, श्री ओम मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी आवासीय संपत्ति का कानूनी मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है। यह योजना ग्रामीण परिवारों के आर्थिक सशक्तिकरण और उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीणों के पास मकान होने के बावजूद वैधानिक दस्तावेज नहीं होने से बैंक से ऋण प्राप्त करने में कठिनाई होती थी। अब पक्की रजिस्ट्री मिलने से ग्रामीण अपनी संपत्ति के आधार पर बैंक ऋण प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही संपत्ति के क्रय-विक्रय सहित विभिन्न कार्यों में भी उन्हें सुविधा मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के सुख-दुख की चिंता करते हुए उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में बैतूल जिला विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्वामित्व पंजीयन कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे एवं जिला प्रशासन की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने धनतेरस के अवसर पर ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामित्व योजना से प्राप्त पंजीकृत दस्तावेज ग्रामीणों के लिए अनेक प्रकार से लाभकारी सिद्ध होंगे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्रामीणों को उनकी आबादी भूमि पर मालिकाना हक दिलाने की महत्वपूर्ण सौगात दी है। पहले आबादी भूमि के पट्टे होने के बावजूद पुख्ता दस्तावेजों के अभाव में ग्रामीणों को बैंक ऋण लेने तथा संपत्ति के क्रय-विक्रय में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब योजना के तहत पात्र ग्रामीणों को नि:शुल्क पक्की रजिस्ट्री का लाभ मिल रहा है, जिससे उन्हें अपनी संपत्ति का वैधानिक अधिकार प्राप्त होगा।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने योजना के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र हितग्राहियों के स्वामित्व पट्टों का पंजीयन नि:शुल्क किया जा रहा है। रजिस्ट्री पर लगने वाली स्टाम्प ड्यूटी, पंजीयन शुल्क एवं पंचायत उपकर का व्यय मध्यप्रदेश शासन द्वारा वहन किया जाएगा। पंजीकृत दस्तावेजों के आधार पर ग्रामीणों को बैंक ऋण लेने, संपत्ति के क्रय-विक्रय तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि राजस्व अमले एवं पटवारियों के निरंतर परिश्रम से जिले में कुल 1 लाख 15 हजार रजिस्ट्री के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 45 हजार रजिस्ट्री का पंजीयन किया जा चुका है। वहीं बैतूल तहसील के 157 ग्रामों में कुल 15 हजार 684 प्लॉट के विरुद्ध 6 हजार से अधिक रजिस्ट्री का पंजीयन पूर्ण किया जा चुका है। बैतूल तहसील के 10 ग्रामों में शत प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण हो गई है।
➡️ स्वामित्व योजना से ग्रामीणों को मिलेंगे ये प्रमुख लाभ
योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवासीय संपत्ति की पक्की रजिस्ट्री नि:शुल्क मिलेगी। इससे उन्हें संपत्ति का कानूनी मालिकाना हक प्राप्त होगा तथा बैंक से ऋण लेने, संपत्ति की खरीद-बिक्री, गिरवी रखने एवं वसीयत करने में सुविधा होगी। ड्रोन सर्वे से मकानों की नपाई और सीमाओं का निर्धारण होने से संपत्ति संबंधी पारिवारिक एवं पड़ोसी विवादों में कमी आएगी। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि एवं पेंशन जैसी शासकीय योजनाओं में संपत्ति संबंधी प्रमाण प्रस्तुत करना आसान होगा। ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों के माध्यम से पंजीयन की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को रजिस्ट्रार कार्यालय के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department Of Revenue, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
100 views | Betul, Madhya Pradesh | Nov 6, 2026