एचआईवी के 95-95-95 लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भोपाल में परामर्शदाताओं का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
एचआईवी संक्रमित गर्भवती महिलाओं से जन्म लेने वाले शिशुओं को संक्रमण से बचाना हमारा लक्ष्य – डॉ. नलिनी गोंड
नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, भोपाल द्वारा एचआईवी के 95-95-95 लक्ष्य की प्राप्ति के उद्देश्य से प्रदेश के परामर्शदाताओं का तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रशासनिक अकादमी, भोपाल में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में ग्वालियर-चंबल संभाग के आईसीटीसी, एआरटी, एसटीडी, टीआई एवं ओएसटी केंद्रों में कार्यरत लगभग 50 परामर्शदाताओं ने सहभागिता की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय के निर्देशन में मुरैना जिले से सिविल अस्पताल जौरा के आईसीटीसी परामर्शदाता श्री संदीप सेंगर, जिला चिकित्सालय के श्री जय तिवारी तथा एआरटी केंद्र के श्री राघवेन्द्र शर्मा ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनके साथ ग्वालियर एवं दतिया जिले के परामर्शदाताओं ने भी प्रशिक्षण में भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति की अपर परियोजना संचालक डॉ. नलिनी गोंड, उप संचालक आईसीटीसी श्री वैभव पाटिल, श्री पंकज पागे, श्री अनुपम बौहरे एवं डॉ. सरोज मनी नंदे सहित अन्य प्रशिक्षकों ने विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपर परियोजना संचालक डॉ. नलिनी गोंड ने कहा कि एचआईवी संक्रमित गर्भवती महिलाओं से जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं को एचआईवी संक्रमण से बचाना हम सभी का प्रमुख लक्ष्य है। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी स्थिति में कोई भी बच्चा एचआईवी संक्रमण के साथ जन्म न ले। इसके लिए सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन तथा गर्भावस्था की प्रथम तिमाही में ही एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी की जांच सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
प्रशिक्षण में एचआईवी के 95-95-95 लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निर्धारित रणनीति, सोच सॉफ्टवेयर में आवश्यक जानकारियों की समयबद्ध प्रविष्टि तथा प्रतिमाह की गई गतिविधियों की रिपोर्ट नियमित रूप से अद्यतन करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों का शीघ्र एआरटी केंद्र में पंजीयन कर उपचार प्रारंभ कराने तथा नियमित अनुवर्ती देखभाल के माध्यम से वायरल लोड एवं सीडी-4 की जांच निर्धारित समय पर कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त हॉट स्पॉट का चिन्हांकन कर नियमित संपर्क एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार एवं परामर्श सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
#HIV #HIVAwareness #JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
69 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026