ग्रामीण विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयसीमा में पूरा करें लक्ष्य : डीएम
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में गुरुवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास कार्यक्रम समन्वय समिति, VB-G RAM G योजना, जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों (पीओ) को अपने-अपने क्षेत्र में पौधरोपण का शत-प्रतिशत लक्ष्य इसी सप्ताह पूरा करने को कहा। साथ ही मनरेगा मजदूरों की आधार सीडिंग, जॉब कार्ड का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
VB-G RAM G योजना की समीक्षा के दौरान सरकारी भूमि पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने योजना की साप्ताहिक निगरानी करने तथा कार्यों में असंतोषजनक प्रगति वाले प्रखंडों के जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी। लंबित आधार संबंधी कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने को भी कहा।आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत निर्धारित योजनाओं का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने वैसे विद्यालयों की विद्यालयवार सूची मांगी, जहां बालिकाओं के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभुकों को अब तक लाभ नहीं मिलने के मामलों में पंचायत एवं वार्डवार विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन कर योजनाओं की प्रगति तेज की जाए। उन्होंने इसी माह दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश भी दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, डीआरडीए निदेशक नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Oct 22, 2026