*जनगणना-2027: मीडिया एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना की प्रक्रिया का दिया गया प्रशिक्षण*
*लाइव डेमो के माध्यम से दी गई स्वगणना की जानकारी*
*स्वगणना से जनगणना प्रक्रिया में आमजन की भागीदारी होगी आसान एवं सुविधाजनक*
*रायबरेली-27 नवम्बर 2026,*
अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) एवं जिला जनगणना अधिकारी सहदेव मिश्र ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत स्वगणना (Self Enumeration) कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने तथा आमजन को इसकी प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में मीडिया एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना के महत्व, इसकी उपयोगिता तथा ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना करने की पूरी प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनगणना फील्ड ट्रेनर राघवेंद्र सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। उन्होंने चरणबद्ध तरीके से बताया कि किस प्रकार निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों को स्वगणना की प्रत्येक प्रक्रिया से अवगत कराने के साथ ही मौके पर ही उनकी स्वगणना भी सफलतापूर्वक कराई गई, जिससे उन्हें पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। स्वगणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने मीडिया एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे स्वगणना के महत्व, प्रक्रिया एवं इसके लाभों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा आमजन को स्वगणना के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि मीडिया जनजागरूकता का एक सशक्त माध्यम है। मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग से जनगणना-2027 के प्रति व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने तथा स्वगणना कार्यक्रम को जनभागीदारी का अभियान बनाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने स्वगणना की प्रक्रिया को समझा तथा इसे आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग का भरोसा व्यक्त किया।