पांकी के बब्लू मिस्त्री के घर दूसरी बार जली शिक्षा की लौ, छोटे बेटे मो. इजाबुल ने #NEET UG निकालकर किया नाम रोशन
#पांकी/#पलामू। पांकी प्रखंड के नवडीहा गांव निवासी जाने-माने ट्रैक्टर गैरेज संचालक बब्लू मिस्त्री उर्फ इसराइल अंसारी के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। उनके छोटे पुत्र मोहम्मद इजाबुल ने इस बार #NEET UG परीक्षा में सफलता हासिल कर RIMS मेडिकल कॉलेज रांची में चयनित होकर पूरे पांकी प्रखंड में खुशी की लहर ला दी है।गौतलब है कि इससे पहले 2022 में बब्लू मिस्त्री के बड़े पुत्र मोहम्मद अफजल ने भी NEET UG निकालकर RIMS मेडिकल कॉलेज रांची में दाखिला लेकर पूरे पलामू जिले का नाम रोशन किया था। अब छोटे भाई ने भी उसी राह पर चलकर परिवार का मान बढ़ाया है।मोहम्मद इजाबुल शुरू से ही अपने बड़े भाई को अपना आदर्श मानता था और उन्हीं से प्रेरित होकर डॉक्टर बनने का सपना देखता था। बड़े भाई ने भी उसे हर कदम पर सही मार्गदर्शन दिया। इजाबुल ने बताया कि वह शुरू से ही कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करता था।उसकी शैक्षणिक यात्रा भी बेहद शानदार रही है। उसने गुरु गोविंद स्कूल, डालटनगंज से CBSE 10वीं बोर्ड में 98 प्रतिशत अंक लाकर पांकी प्रखंड टॉप किया था। इसके बाद एमके इंटर कॉलेज पांकी से साइंस में JAC 12वीं बोर्ड में 90 प्रतिशत अंक हासिल कर दोबारा पांकी टॉपर बना।
पिता बब्लू मिस्त्री ने बताया कि उन्होंने शुरू से ही अपने बच्चों को अपना करियर खुद चुनने की पूरी आजादी दी और हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। पढ़ाई की कठिन चुनौतियों में उन्होंने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया। वहीं मां ने भी बच्चों की सेहत और खान-पान का पूरा ध्यान रखा।
इजाबुल ने अपनी सफलता का राज निरंतर मेहनत (Consistency) और खुद पर भरोसा बताया। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता और अपने गुरुजनों को दिया।इस खुशी के अवसर पर गांव-मोहल्ले के लोगों और रिश्तेदारों ने घर पहुंचकर मिठाई खिलाकर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। एक गरीब गैरेज मिस्त्री के दोनों बेटों का डॉक्टर बनना आज पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।
Panki, Palamu | Oct 29, 2026