महिलाओं को सम्मोहित कर उतरवा लेता था ज़ेवर…
5000 के इनामी बदमाश पर फरीदाबाद पुलिस का शिकंजा
फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹5000 के इनामी बदमाश को आईएमटी क्षेत्र से काबू किया है। आरोपी वारदात को अंजाम देने की फिराक में चोरी की मोटरसाइकिल पर घूम रहा था।
पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा टीम को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान जब पुलिस ने आरोपी का पीछा किया तो भागने की कोशिश में उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनजीत उर्फ मंजिया उर्फ शंकर के रूप में हुई है, जो एक अंतरराज्यीय बदमाश बताया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कोतवाली ललितपुर में गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 6 मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा आरोपी जिला फरीदाबाद के 4 से 5 मामलों में भी वांछित चल रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिलाओं को सम्मोहित कर उनके गहने हड़पने जैसी वारदातों को अंजाम देता था।
फरीदाबाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य मामलों में भी जांच कर रही है।