ब्रेकिंग न्यूज़ | मीरजापुर
डिप्टी सीएम के आदेश के बाद भी नहीं बनी सड़क-नाली! भटेवरा में जर्जर मार्ग से हजारों ग्रामीण परेशान
मीरजापुर। छानबे क्षेत्र के भटेवरा गांव में जर्जर सड़क और नाली की समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिदिन करीब एक से दो हजार लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की बदहाल स्थिति और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बरसात में राहगीरों की परेशानी और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के पत्र के माध्यम से सड़क एवं नाली निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
कृपा शंकर प्रजापति के घर से सूरज मौर्य के घर होते हुए हरिजन बस्ती तक जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह कचरा, कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर जल्द इंटरलॉकिंग सड़क, दोनों ओर नाली और जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत और प्रार्थना पत्र देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
अब सवाल—डिप्टी सीएम के निर्देश के बावजूद आखिर कब बनेगी भटेवरा की सड़क और नाली?
#TodayMirzapur #Mirzapur #मीरजापुर #भटेवरा #छानबे #सड़क_समस्या #नाली_निर्माण #जलभराव #ग्रामीण_समस्या #जनसमस्या #मीरजापुर_न्यूज