बेस अस्पताल पहुंचे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मरीजों का जाना हालचाल
श्रीनगर। प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल पहुंचकर विभिन्न विभागों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री सबसे पहले नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद गायनी विभाग में भर्ती महिला मरीज का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उसके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इमरजेंसी विभाग में भर्ती महिला मरीज से भी डॉ. धन सिंह रावत ने मुलाकात की। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों को मरीज को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.एन. पांडेय, डिप्टी एमएस डॉ. दीपा हटवाल, डॉ. सतीश कुमार तथा गायनी विभाग की एचओडी डॉ. नवज्योति बोरा ने शिक्षा मंत्री को मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार संबंधी जानकारी दी।
शिक्षा मंत्री एवं अपने विधायक को अस्पताल में अपने बीच पाकर मरीजों और उनके परिजनों ने खुशी जताई। मरीजों ने डॉ. रावत के व्यक्तिगत रूप से उनका हालचाल जानने और उपचार की जानकारी लेने पर आभार व्यक्त किया।
डॉ. रावत ने कहा कि बेस अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।