नवांकुर सखियों ने हरियाली और तिरंगा यात्रा निकालकर दिया पर्यावरण संरक्षण व राष्ट्रभक्ति का संदेश
101 नवांकुर सखियों को पौधे एवं मुनगा बीज वितरित, पौधों की देखभाल का दिलाया संकल्प
कटनी (18 अगस्त) - मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड बहोरीबंद के सेक्टर बचैया अंतर्गत ग्राम पिपरिया (पोंडी) में बड़खेरा जनचेतना समाज सेवी समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पिपरिया (पोंडी) के संयुक्त तत्वावधान में नवांकुर सखी हरियाली एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर सखियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक समन्वयक अरविन्द शाह ने कहा कि हरियाली केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने नवांकुर सखियों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बड़खेरा जनचेतना समाज सेवी समिति द्वारा लगभग 101 नवांकुर सखियों को एक-एक पौधा एवं मुनगा के बीज वितरित किए गए। संस्था सचिव एवं सेक्टर प्रभारी सरजू प्रसाद श्रीवास ने नवांकुर सखियों को पौधों को सुरक्षित स्थान पर रोपित कर उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में दुर्गेश यादव ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की जानकारी देते हुए पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया। परामर्शदाता अवधेश बैरागी ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए नवांकुर सखियों को इसके उद्देश्य एवं उपयोगिता से अवगत कराया।
कार्यक्रम के बाद नवांकुर सखियों ने सिर पर कलश, हाथों में पौधे और तिरंगा लेकर ढोल-बाजे के साथ हरियाली एवं तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान “हर घर तिरंगा” अभियान का संदेश भी दिया गया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
ब्लॉक समन्वयक अरविन्द शाह ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। “हर घर तिरंगा” अभियान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता अवधेश बैरागी ने किया। अंत में ब्लॉक समन्वयक अरविन्द शाह ने उपस्थित अतिथियों, नवांकुर सखियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बसंत जायसवाल, रविन्द्रनाथ झारिया, परामर्शदाता विनोद सिंह, अवधेश बैरागी, समिति सदस्य मुकेश रैदास, अरविन्द कुमार, अनारी लाल, सुरेंद्र, सोने लाल, शिवम दीवान, रघुवीर, राजकुमारी, सोमवती, निशा, बंदना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#drmohanoffice51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी