माय भारत, मंडला द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत मंडला द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य एवं सफल आयोजन सरदार पटेल महाविद्यालय, मंडला में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं युवा समूहों के लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए वाद-विवाद, चित्रकला, स्लोगन लेखन, रील एवं लघु फिल्म, संगीत एवं रैप, स्लैम पोएट्री, विषय आधारित नृत्य तथा नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशामुक्त भारत का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि श्री जयदत्त झा ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं विशेषज्ञों द्वारा किया गया। इस दौरान रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय, मंडला के वरिष्ठ प्राध्यापक श्री तेंबरे, श्री अरविंद शुक्ला, श्री अरविंद ठाकुर सहित अन्य प्राध्यापक, प्राचार्य श्री आशीष ज्योतिषी, जिला युवा अधिकारी श्री भुवन सिंह सोलंकी, लेखापाल एवं कार्यक्रम सहायक श्री रघुनंदन झारिया, श्री अनुराग राय एवं विशेषज्ञ उपस्थित थे। जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र राजकवि ने स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एक्सीलेंस विद्यालय, मंडला की टीम ने विषय आधारित नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अर्जित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भोपाल में मंडला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों एवं उपस्थित युवाओं ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने मंि सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
1 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jul 27, 2026