मवई और बिछिया में बीएलबीसी बैठक
स्वरोजगार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा
जनपद पंचायत मवई एवं बिछिया में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। मवई और बिछिया में आयोजित बैठकों की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सुजय कुमार ने की। बैठक में जनपद पंचायत मवई के सीईओ श्री रमेश मंडावी, विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक, विभागीय अधिकारी तथा वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न स्वरोजगार और ऋण योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टांट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अधिकाधिक हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
उद्यानिकी विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना एवं 35 प्रतिशत अनुदान की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंक से स्वीकृत कराने पर चर्चा की गई। वहीं पशुपालन विभाग की आचार्य विद्यासागर योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, बकरी पालन योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही को मिल सके, इसके लिए बैंक एवं विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
1 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jul 27, 2026