किन्नौरी कलाकारों के नाम रही किन्नौर महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या
- अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा ने बतौर विशेष अतिथि की शिरकत
- महानाटी में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग, लोक संस्कृति की दिखी झलक
Bushahr Today TV
रिकांगपिओ/किन्नौर। राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव की तीसरी सांस्कृतिक संध्या किन्नौरी कलाकारों के नाम रही। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव, जनजातीय विकास एवं परिवहन ओंकार शर्मा ने बतौर विशेष अतिथि शिरकत की। उपायुक्त एवं किन्नौर महोत्सव मेला कमेटी की अध्यक्ष सोनाक्षी सिंह तोमर ने उन्हें किन्नौरी टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध किन्नौरी गायक मानसी नेगी और केदार नेगी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। वहीं, राज वीर नेगी, दीपिका नेगी, मोहन नेगी, अमिता नेगी, सुषमा नेगी, लक्ष्मी नेगी, बबली नेगी, ऊषा नेगी, चंद्र लाल और श्यामू नेगी सहित अन्य स्थानीय एवं प्रांतीय कलाकारों ने भी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए।
महोत्सव के तीसरे दिन महा-नाटी का भी आयोजन किया गया, जिसमें अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। महा-नाटी में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और किन्नौर की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, सहायक आयुक्त उपायुक्त विपन ठाकुर, उपमंडलाधिकारी नागरिक प्रवीण भारद्वाज, जनजातीय सलाहकार समिति की सदस्य डॉ. सूर्या बोरिस, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सरोज नेगी, राजनीतिक दलों के पदाधिकारी कुलवंत नेगी और ललिता पंचारस सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।