मानपुर प्रखंड कार्यालय में अफसरशाही के खिलाफ गरजा जनाक्रोश, हजारों ग्रामीणों ने मानपुर प्रखंड कार्यालय घेरा, सीओ को हटाने की उठी मांग
गया: गया जिले के मानपुर प्रखंड कार्यालय में व्याप्त कथित कुव्यवस्था, भ्रष्टाचार और अफसरशाही के खिलाफ गुरुवार को सर्वदलीय संघर्ष समिति के बैनर तले जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व क्षितिज मोहन सिंह, राणा रंजीत सिंह एवं रिंकी देवी ने किया, जबकि सभा का संचालन राणा रंजीत सिंह ने किया।
नौरंगा गांव से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, एलपीसी, आधार कार्ड, वृद्धा पेंशन एवं राशन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में कथित भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने नौरंगा रोड से अतिक्रमण हटाकर नाली एवं सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने, सामाजिक कार्यकर्ताओं पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लेने, मानपुर अंचलाधिकारी का तबादला करने तथा सोमवार और शुक्रवार को पूर्व की तरह प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार लगाने की मांग उठाई। साथ ही आम लोगों के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रतीक्षालय निर्माण की मांग भी की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजस्व कर्मचारी एवं अंचलाधिकारी के लंबे समय तक चले हड़ताल के कारण जनता पहले ही परेशान रही है। अब सरकारी कार्यालयों में काम के लिए लोगों को बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए और प्रशासन में जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री से प्रतिनिधिमंडल मिलकर शिकायत करेगा और चरणबद्ध आंदोलन जारी रखा जाएगा। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मिलकर मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#गयाजी
#GayaPolice
#गया_हो
#बिहार
#gaya
#bihar
#gayastation
#LatestNews
Gaya Town CD Block, Gaya | Aug 21, 2026