विश्व पर्यावरण दिवस पर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने दिया पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश
ग्राम अखेबर धाम में विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
--
विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून के अवसर पर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने जनपद पंचायत अशोकनगर की ग्राम पंचायत डोंगर पछार के ग्राम अखेबर धाम पर "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मालवीय ने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने पर जोर देते हुए स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता एक-दूसरे के पूरक हैं तथा प्रत्येक नागरिक को इन दोनों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री जजपाल सिंह जज्जी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर हम सभी यह प्रतीज्ञा करें कि वर्षा के जल को अधिक से अधिक संचयन करें। साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण कर स्वच्छ वातावरण का निर्माण करें।
इस अवसर पर श्रमदान कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर श्री मालवीय ने स्वयं सहभागिता करते हुए परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। उन्होंने सभी को नियमित रूप से श्रमदान कर स्वच्छ और सुंदर वातावरण के निर्माण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, वरिष्ठ समाजसेवी श्री प्रतापभान सिंह यादव,ग्राम पंचायत के सरपंच श्री राजकुमार यादव,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री शैलेन्द्र यादव विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
#WorldEnvironmentDay
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Jun 5, 2026