Public App Logo
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की उपस्थिति में कुक्षी में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास जनसंवाद शिविर -- क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद के माध्यम से आमजन की समस्याओं का किया गया त्वरित निराकरण --- विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही दिलाया गया योजनाओं का लाभ ---- 8 स्वयं सहायता समूहों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 27 लाख रुपये का ऋण वितरित ------ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की उपस्थिति में कुक्षी में दूसरे शुक्रवार को जिला स्तरीय जनसंवाद एवं समस्या निराकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराना रहा। शिविर के दौरान बैंक लिंकेज के माध्यम से 8 स्वयं सहायता समूहों को कुल 27 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी दी गई। जनसंवाद के दौरान नागरिकों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं, मांगें एवं आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर श्री मीना ने आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन आमजन के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसंवाद शिविर में प्राप्त आवेदनों को लंबित न रखा जाए तथा जिन प्रकरणों का तत्काल निराकरण संभव है, उनमें मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री मीना ने क्षेत्र भ्रमण एवं विभिन्न स्थलों के निरीक्षण के दौरान आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं आवश्यकताएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। उद्यमियों से किया संवाद, औद्योगिक क्षेत्र धूलसर का निरीक्षण मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कुक्षी में कलेक्टर श्री मीना ने उद्यमियों एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के साथ उद्यम संवाद भी किया। उन्होंने उपस्थित उद्यमियों की समस्याएं, सुझाव एवं अपेक्षाएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र धूलसर में एमएसएमई विभाग, लघु उद्योग निगम एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा क्षेत्र के सीमांकन संबंधी कार्यों का भी जायजा लिया गया। कार्यक्रम में श्री जयदीप पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संकल्प है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो तथा सभी पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, कुक्षी एसडीएम श्री विशाल सिंह धाकड़, नगर परिषद सीएमओ श्री मयाराम सोलंकी, उपाध्यक्ष श्री शेख सब्बर बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्वयं सहायता समूहों की दीदियां, तहसील स्तरीय अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #JanVishwasAbhiyan2026 Jansampark Madhya Pradesh - Dhar News