चार दिनों से लापता प्रधान पति का नहीं लगा सुराग, पत्नी ने एसपी से लगाई खोजबीन की गुहार
संतकबीरनगर जिले के थाना महुली क्षेत्र से एक व्यक्ति के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। ग्राम मुखलिसपुर की ग्राम प्रधान सविता प्रजापति ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपने पति की तलाश कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम प्रधान के पति श्यामसुन्दर उर्फ बिरेन्द्र कुमार प्रजापति बीते 3 जून 2026 की शाम करीब 6 बजे ट्रेन पकड़ने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद 4 जून को लगभग 12 बजे फोन पर उनकी बातचीत हुई, लेकिन उसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।
परिजनों का कहना है कि पिछले चार दिनों से लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से परेशान हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्राम प्रधान सविता प्रजापति ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने पति की तलाश कराने तथा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब परिवार की निगाहें पुलिस की जांच और खोजबीन पर टिकी हुई हैं।