#भरतपुर। 107वें श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेले के तहत महाराजा सूरजमल कुश्ती स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के दूसरे दिन भाजपा जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा के आतिथ्य में कड़े मुकाबले हुए। जसवंत केसरी वर्ग में कुशल पाल फुलवारा ने सुमित चाहर अकोला को कड़े मुकाबले में हराया। सतवीर से ने राम जघीना को चित कर अगले दौर में प्रवेश किया। दीपक नूरपुर ने राजा सोना हरियाणा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर पराजित किया। जिला केसरी के दूसरे दौर में हर्ष झज्जर ने सतवीर से को हराया। दीपक नूरपुर ने पंकज परमदरा को शिकस्त दी, जबकि दिल्ली के सागर छत्रसाल ने बिट्टू जाटौली को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। जसवंत कुमार वर्ग के पहले दौर में सागर भीलवाड़ा ने फिरोज अकोला आगरा को हराया। अभिषेक स्टेडियम ने लवकुश एलपी एकेडमी को और अभिषेक रोहतक ने राहुल गुलिया जटखेड़िया को पराजित किया। दूसरे दौर में दिल्ली के धर्मवीर छत्रसाल ने अभिषेक स्टेडियम को हराया, जबकि सिद्धार्थ छत्रसाल ने रोहन डीग को शिकस्त देकर अगले चक्र में प्रवेश किया। आयोजन सचिव डॉ. पी.पी. सिंह ने बताया कि मंगलवार को विभिन्न वर्गों में जीत दर्ज करने वाले पहलवान बुधवार, 21 अक्टूबर को अंतिम सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। जसवंत केसरी का खिताबी मुकाबला दंगल का मुख्य आकर्षण रहेगा। विजेता पहलवान को 1 लाख 1 हजार रुपए की नकद इनामी राशि और प्रतिष्ठित गुर्ज दिया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन चुन्नी कप्तान और लाखन पहलवान ने किया।