#बुराई_पर_अच्छाई_की_जीत..
भरतपुर। शहर के नुमाइश मैदान में दशहरे के अवसर पर 52 फीट ऊंचे रावण, 41 फीट ऊंचे कुंभकरण और 35 फीट ऊंचे मेघनाथ के पुतलों का भव्य दहन किया गया, जिसे देखने सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच पशुपालन विभाग द्वारा आगरा के फतेहपुर सीकरी के कारीगरों से रावण समेत अन्य पुतले तैयार करवाए गए थे। दहन से पहले विभाग के कार्यालय से राम बारात निकाली गई, जो नुमाइश मैदान पहुंचकर समाप्त हुई और भगवान श्रीराम की वेशभूषा धारी ने पुतलों में आग लगाई। इस दौरान एडीएम राजीव शर्मा और एएसपी धर्मेंद्र यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। पुतला दहन के साथ ही 15 अक्टूबर को उद्घाटित श्री जसवंत प्रदर्शनी पशु मेले में भी रौनक और भीड़ बढ़ गई है।