आज दिनांक 30.06.2026 को जिला पदाधिकारी, शेखपुरा एवं पुलिस अधीक्षक, शेखपुरा की संयुक्त उपस्थिति में बरबीघा प्रखंड अंतर्गत पांक पंचायत के पंचायत सरकार भवन में दीप प्रज्ज्वलित कर सहयोग शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर पांक पंचायत की मुखिया श्रीमती संगीता कुमारी द्वारा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया गया।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने आमजनों से संवाद कर उनकी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी प्राप्त की। प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने पर बल दिया।
इसी क्रम में शेखपुरा एवं अरियरी प्रखंडों में भी संबंधित नामित पदाधिकारियों की अध्यक्षता में सहयोग शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जहां आमजनों की समस्याओं का निराकरण करने एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला पदाधिकारी महोदय ने इस अवसर पर कहा कि पंचायतों की समस्याओं का समाधान एक निश्चित समय सीमा के भीतर किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी मामले में लापरवाही बरती गई, तो संबंधित पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला प्रशासन के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं।
इन शिविरों में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, जिला भू - अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला परवहन पदाधिकारी के साथ - साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी एवं आम जन उपस्थित थे।
Sheikhpura, Sheikhpura | Jun 30, 2026