फर्जी पुलिसकर्मी बनकर विज्ञापन वीडियो शूट करवाने पर शिकंजा, शोरूम संचालक को नोटिस
- सिरसा में वायरल विज्ञापन वीडियो पर पुलिस की कार्रवाई तेज; वर्दी पहनने वाले दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की तैयारी, वीडियो बनाने और डिलीट करने वालों से भी होगी पूछताछ
सिरसा।
शहर के सर्कुलर रोड स्थित डे बैक (फैक्ट्री आउटलेट) कपड़ा शोरूम में हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनकर विज्ञापन वीडियो शूट करवाने के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अब पुलिस शोरूम संचालक को नोटिस जारी कर पूछेगी कि वीडियो किसके कहने पर बनवाया गया, शूटिंग में कौन-कौन शामिल था और इसका प्रसारण किन-किन सोशल मीडिया मंचों पर किया गया। पुलिस के अनुसार, नोटिस के बाद शोरूम संचालक को जांच में शामिल किया जाएगा। वहीं पुलिस की वर्दी पहनकर वीडियो में नजर आए दोनों व्यक्तियों की गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है। मामले की जांच में साइबर प्रकोष्ठ की मदद भी ली जाएगी।
वीडियो बनाने और मिटाने वालों तक पहुंचेगी पुलिस
शहर थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जिन लोगों ने वीडियो बनाया, प्रसारित किया अथवा बाद में उसे मिटाया, उनके बारे में साइबर प्रकोष्ठ से डाटा हासिल किया जाएगा। वीडियो हटाने वालों से यह भी पूछा जाएगा कि उन्होंने इसे क्यों हटाया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि जांच में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वीडियो बनाने वाला हो, इस्तेमाल करने वाला हो या इसके प्रसारण में शामिल व्यक्ति—सभी की भूमिका जांची जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि हरियाणा पुलिस की वर्दी कहां से खरीदी गई या उपलब्ध कराई गई।
विज्ञापन में चोरी का ड्रामा, फिर पहुंचते हैं फर्जी पुलिसकर्मी
पुलिस के अनुसार, हाल ही में शोरूम की शुरुआत के मौके पर एक विज्ञापन वीडियो तैयार किया गया था। इसमें एक सोशल मीडिया प्रभावक द्वारा कपड़े चोरी करने का ड्रामा किया जाता है। इसके बाद कुछ लोग उसे पकड़ते हैं और कथित तौर पर पुलिसकर्मियों की भूमिका में वर्दी पहने दो व्यक्ति वहां पहुंचते हैं। दोनों एक व्यक्ति को चोर बताते हुए उसे धक्के देकर शोरूम के अंदर ले जाते दिखाई देते हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस के संज्ञान में वीडियो आने के बाद शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और अब वीडियो से जुड़े सभी लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
गुप्तचर विभाग के कर्मचारी की शिकायत पर मामला
गुप्तचर विभाग में तैनात कर्मचारी वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो देखा। इसमें सर्कुलर रोड स्थित डे बैक शोरूम में दो व्यक्ति हरियाणा पुलिस की वर्दी पहने दिखाई दे रहे थे। दोनों एक व्यक्ति को चोर बताते हुए उसे धक्के देकर शोरूम के अंदर ले जाते नजर आए। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल कर आम लोगों को गुमराह किया गया और इससे पुलिस की छवि प्रभावित होने की स्थिति बनी। मामला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
‘व्यापार बढ़ाना है तो साफ-सुथरे तरीके अपनाएं’
थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि व्यापार बढ़ाने के लिए साफ-सुथरे और कानूनी तरीके अपनाए जाने चाहिए। ऐसा कोई काम नहीं किया जाना चाहिए जिससे समाज को नुकसान पहुंचे या कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़े। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और कानून की नजर में सभी बराबर हैं। गलत कार्य सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Sirsa, Sirsa | Aug 19, 2026