गांधी-शास्त्री जयंती पर दोबड़ा कला में सत्याग्रह चौपाल, खाद की कालाबाजारी पर किसानों ने उठाए सवाल
DAP की किल्लत और 1600 से 1800 रुपये तक बिक्री के आरोप, कृषि अधिकारी ने कहा शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई
सवाई माधोपुर। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ग्राम दोबड़ा कला में भूप्रेमी किसान संघर्ष मंच की ओर से सत्याग्रह चौपाल आयोजित की गई। चौपाल में किसानों के सामने चल रही डीएपी और यूरिया की किल्लत, कालाबाजारी और कथित नकली खाद की बिक्री का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के साथ किसानों के हित में संगठित रहकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
चौपाल में ग्रामीण किसानों ने बताया कि गांवों में ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप के माध्यम से खाद ब्लैक में पहुंचने की शिकायतें हैं। किसानों के अनुसार डीएपी के कट्टे 1600 से 1800 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि खाद की शिकायत करने या जांच की मांग करने पर कई बार खाद देने से मना कर दिया जाता है।
किसानों ने कहा कि खाद की कमी के बीच दलालों और कुछ डीलरों के कथित नेटवर्क के कारण किसानों में डर का माहौल बना हुआ है। उनका कहना था कि शिकायत करने पर भविष्य में खाद नहीं मिलने का भय दिखाया जाता है। किसानों ने सवाल उठाया कि यदि कालाबाजारी खुलेआम हो रही है तो प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
चौपाल से कृषि अधिकारी से हुई सीधी बातचीत
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौपाल में मौजूद किसानों की संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार, सवाई माधोपुर लखपत मीणा से सीधी बातचीत कराई गई। किसानों ने खाद की किल्लत, कालाबाजारी और नकली खाद से संबंधित शिकायतें अधिकारी के सामने रखीं।
इस पर लखपत मीणा ने कहा कि विभाग को इन शिकायतों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कालाबाजारी, अधिक कीमत पर खाद बेचने, नकली खाद या स्टॉक होने के बावजूद खाद नहीं देने की सूचना मिलती है तो जांच कर तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने किसानों से सीधे शिकायत करने की अपील करते हुए शिकायत नंबर 094143 14751 जारी किया।
एक-दो दिन में रैक आने का भरोसा
कृषि अधिकारी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि एक-दो दिन में खाद की रैक आने की संभावना है। इसके बाद जरूरत के अनुसार दोबड़ा कला सहित आसपास के गांवों में खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
चौपाल में किसानों ने निर्णय लिया कि यदि तय समय में खाद की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हुई तो गांव-गांव किसानों को संगठित कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
गुरुवार के आंदोलन के बाद सैकड़ों किसानों को मिला खाद का लाभ
गौरतलब है कि गुरुवार को भूप्रेमी किसान संघर्ष मंच के आंदोलन के बाद देर शाम तक सवाई माधोपुर अनाज मंडी स्थित सहकारी समिति में सैकड़ों किसानों को तय दर पर खाद का वितरण आंदोलनकारियों की मौजूदगी में करवाया गया। किसानों ने खाद मिलने पर राहत जताई।
चौपाल में मुकेश भूप्रेमी, रामसिंह पूर्व सरपंच, शंकर पीलोदा, अबसार अहमद, रामलाल पटेल, रतिराम, हेमराज, अमीन खान, फजरुद्दीन, अमीन, सबीर सहित ग्रामीणों ने विचार रखे।