*अमृत 2.0 योजना के कार्यों का उपखण्ड अधिकारी ने किया सिटी का निरीक्षण, गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर दिया विशेष जोर*
सलूम्बर, 23 जून। जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी पी के निर्देशन में उपखंड अधिकारी सलूंबर जगदीश चंद्र बामनिया द्वाराव शहर में अमृत 2.0 योजना के तहत संचालित पाइपलाइन बिछाने के कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने बस स्टैंड, गांधी चौक, लोहार गली, बड़ी मोहल्ला, सोनार माता रोड, पाटनपुरा, विलायती वाड़ा सहित शहर की विभिन्न गलियों का दौरा कर पाइपलाइन कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया।
उपखंड अधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सड़क पुनर्स्थापन एवं आमजन को होने वाली असुविधाओं को कम करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में पाया गया कि कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाने का कार्य संतोषजनक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जा चुका है। वहीं मना की सेर, तुलसी विहार क्षेत्र की सड़कों पर पाइपलाइन कार्य शेष है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित एजेंसी को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
उपखण्ड अधिकारी ने कहा कि अमृत 2.0 योजना का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर पेयजल एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के कनिष्ठ अभियंता एवं अन्य तकनीकी अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यों की प्रगति की जानकारी उपखण्ड अधिकारी को दी। जिला प्रशासन द्वारा विकास कार्यों की सतत निगरानी के माध्यम से योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से अमोल अहारी, मीडिया कर्मी मौजूद रहे।
--0--