निगम फाइनेंस कमेटी की पहली बैठक सम्पन्न, बैठक में 9 एजेंडों पर बनी सहमति
👉फरीदाबाद के विकास को लगेंगे पंख - प्रवीण बत्रा जोशी मेयर*
फरीदाबाद A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ नगर निगम फरीदाबाद की फाइनेंस कमेटी की पहली बैठक आज महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में मेयर कैंप कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक में प्रस्तुत 11 एजेंडों में से 9 एजेंडों पर सर्वसम्मति से सहमति बनी, जबकि 2 एजेंडों को पुनर्विचार के लिए आगामी बैठक में रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, नवनियुक्त फाइनेंस कमेटी सदस्य पार्षद प्रदीप टोंगर एवं पार्षद मनोज नसावा, अतिरिक्त आयुक्त परमजीत चहल, निगम सचिव अमित मान, मुख्य अभियंता विवेक गिल, चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल, फाइनेंस कंट्रोलर प्रदीप पूनिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारंभ में नवनियुक्त फाइनेंस कमेटी सदस्यों द्वारा महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत विभिन्न विकास एवं जनहित से जुड़े 11 एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें वेस्ट टू एनर्जी परियोजना, ठोस कचरा प्रबंधन एवं शहर के विकास कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे।
महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में नगर निगम फरीदाबाद शहर के समग्र विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि फाइनेंस कमेटी द्वारा लिए गए निर्णयों से विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित होगा।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि विकास कार्यों को अब बेहतर योजना, प्रभावी मॉनिटरिंग और दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ क्रियान्वित किया जाएगा, जिससे नागरिकों को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करते हुए जनसुविधाओं का विस्तार करना है।
बैठक के दौरान सभी एजेंडों पर गहन विचार-विमर्श किया गया तथा जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक निर्णय लिए गए।