एनसीएल निगाही के ईस्ट कोलयार्ड में धधक रहा करोड़ों का कोयला, आग से नुकसान की आशंका
सिंगरौली। एनसीएल की निगाही परियोजना के ईस्ट कोलयार्ड पैकेज-बी क्षेत्र में कोयले में आग लगने की सूचना से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कोलयार्ड के एक हिस्से में आग और धुएं की स्थिति बनी हुई है, जिससे बड़ी मात्रा में रखे कोयले के प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र से लगातार धुआं उठने की बात सामने आ रही है। हालांकि आग से हुए वास्तविक नुकसान और प्रभावित कोयले की मात्रा को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इधर, परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि आग पर नियंत्रण के लिए उपलब्ध संसाधनों और मशीनरी के बावजूद स्थिति गंभीर क्यों बनी हुई है। यदि तापमान बढ़ने या आग लगने के संकेत पहले मिले थे, तो समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए या नहीं—इस पर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और श्रमिकों के बीच यह मांग भी उठ रही है कि मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि कहीं लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारी तय की जाए। जानकारों का मानना है कि यदि आग लंबे समय तक बनी रहती है तो इससे कोयले की गुणवत्ता और उत्पादन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
फिलहाल इस मामले में एनसीएल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने आना शेष है। आग की स्थिति, नियंत्रण प्रयासों और संभावित नुकसान को लेकर प्रबंधन की प्रतिक्रिया के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।