अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त, चांदनी चौक से पटेल चौक तक चला व्यापक अभियान।
शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 8 जून 2026 को जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी और नगर कार्यपालक पदाधिकारी के नेतृत्व में शेखपुरा नगर निकाय क्षेत्र में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। प्रशासनिक टीम ने शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में से एक, चांदनी चौक, सब्जी मंडी से लेकर पटेल चौक तक के अतिक्रमण को मुख्य रूप से निशाना बनाया। सड़क के किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटियां, और सड़क पर ही खड़े किए जाने वाले टोटो (ई-रिक्शा) के कारण यह मार्ग अक्सर भारी जाम लगा रहता था। इस अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस दौरान कई दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। साथ ही, सड़क पर अनियंत्रित तरीके से खड़े रहने वाले टोटो चालकों को भी सख्त हिदायत दी गई कि वे निर्धारित स्टैंड का ही उपयोग करें। सभी फुटपाथी विक्रेताओं को सब्जी मंडी के अंदर शिफ्ट भी कराया गया। सब्जी मंडी के अंदर शिफ्ट कराये गये कुल 10 दुकानदारों को पहचान पत्र भी दिया गया। अतिक्रमण हटाने के क्रम में कुल 9000/-रुपया दंड की राशि वसूल की गई एवं सभी फुटपाथ के विक्रेताओं को निदेश दिया गया कि निर्धारित स्थल से इतर लगाने के क्रम में पाए जाते हैं तो उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी एवं इसके साथ-साथ यह भी निर्देश दिया गया कि सभी फुटपाथ विक्रेता सब्जीमंडी के अंदर शिफ्ट होते हुए नगर परिषद के द्वारा आवंटित किए जा रहे दुकान आवंटन करा लें।
अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी ने कहा
"जिलाधिकारी महोदय के नेतृत्व एवं निदेश के आलोक में यह अभियान चलाया जा रहा है। शहरवासियों को जाम से मुक्ति दिलाना हमारी प्राथमिकता है। सड़क पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों और एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। आज यह अभियान मुख्य रूप से इसी समस्या के समाधान के लिए चलाया गया है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि नगर निकाय क्षेत्र में सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।