बुशहर स्पोर्ट्स कल्चर एवं एनवायरमेंट एसोसिएशन ने 40 मरीजों के करवाए निशुल्क ऑपरेशन
- सराहन में पहली बार हुआ ऐसा प्रयास, 945 लोगों की हुई निशुल्क नेत्र जांच
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। बुशहर स्पोर्ट्स कल्चर एवं एनवायरमेंट एसोसिएशन की ओर से सराहन सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। संस्था की ओर से 40 मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन किए गए।
बता दें कि संस्था की ओर से 23 अगस्त को सराहन में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया था, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लिया। शिविर में 945 लोगों की निशुल्क नेत्र जांच की गई।
नेत्र जांच के बाद ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों में से 40 मरीजों के निशुल्क नेत्र ऑपरेशन संस्था की ओर से पूरे करवाए गए। इस पहल से जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिली है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि सराहन क्षेत्र के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लोगों के लिए इस तरह का निशुल्क नेत्र जांच और ऑपरेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। संस्था का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी समय पर उपचार मिल सके।
बुशहर स्पोर्ट्स कल्चर एवं एनवायरमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल सोनी ने कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य जांच और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रयास जारी रहेगा। वहीं सोनी ने शिविर में पहुंचकर नेत्र जांच करवाने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों की सहभागिता और विश्वास से संस्था को सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
Rampur, Shimla | Sep 12, 2026