#हाल_ए_सीएम_सिटी..
भरतपुर। शहर के सुभाष नगर कॉलोनी में नगर निगम पार्क के सामने की मुख्य सड़क पर महज 5 मिनट की हल्की बारिश से हुए जलभराव ने आगामी मानसून के दिनों में सीएम सिटी में कैसे बदहाल हालत होने वाले है, उसका एक नमूना पेश कर दिया है! सिर्फ कुछ ही मिनटों की बरसात के बाद पूरी सड़क पानी से लबालब हो गई और देखते ही देखते इसने एक छोटे तालाब का रूप ले लिया। जलभराव की स्थिति इतनी विकट हो गई कि वहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहनों को पानी के बीच से होकर रेंगते हुए निकलना पड़ा, जिससे हादसों का डर लगातार बना रहा। स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए इस जलभराव के कारण वहां से पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। सड़क पर भरे इस गंदे पानी ने न सिर्फ नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल कर रख दी है, बल्कि स्थानीय निवासियों में भी प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि हल्की सी बारिश में अगर यह हाल है, तो पूरी बरसात के मौसम में यहां के हालात कितने बदतर हो जाएंगे, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।