केलांग जिला अस्पताल में विशाल निःशुल्क नेत्र जांच व ऑपरेशन शिविर संपन्न,
लाला मेमे फाउंडेशन और भानू हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हुआ शिविर
लला मेमे फाउंडेशन उठाएगी गरीब मरीजों के ऑपरेशन का खर्च
Kullu Times
लाला मेमे फाउंडेशन और भानू हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वाधान में जिला अस्पताल केलांग में नवरात्रों के पहले दिन एक विशाल नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में लाहुल घाटी के असंख्य ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी आँखों की जाँच करवाई।
शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. एम. के. गांधी (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कमांडेंट चेतन विशिष्ट अतिथि व वरिष्ठ नागरिक तनज़ीन दोरजे उपस्थित रहे। शिविर के दौरान लाला मेमे फाउंडेशन के समस्त सदस्यों ने डॉ. कुसुम एवं अन्य सभी पधारे हुए अतिथियों का लाहुली परंपरा के अनुसार गर्मजोशी से स्वागत व अभिनंदन किया।
गरीब मरीजों का मुफ्त ऑपरेशन:
लाला मेमे फाउंडेशन के अध्यक्ष मंगल मनेपा ने इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सभी महानुभावों का दिल से आभार व्यक्त किया। इस शिविर में 350 से ज़्यादा लोगों ने इस शिविर का लाभ लिया ।उन्होंने विशेष रूप से घोषणा की कि इस शिविर में चिन्हित किए गए ऐसे सभी गरीब और जरूरतमंद मरीज, जो आँखों के ऑपरेशन का खर्च उठाने में असमर्थ हैं, उनके ऑपरेशन का पूरा खर्च लाला मेमे फाउंडेशन द्वारा वहन किया जाएगा।
कर्मचारियों का सम्मान और भविष्य की योजना:
शिविर को सुचारू रूप से चलाने में अपना बहुमूल्य योगदान देने के लिए सभी आशा वर्करों और स्थानीय अस्पताल कर्मियों को पवित्र 'खतक' (पारंपरिक लाहुली स्कार्फ) भेंट कर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष मंगल मनेपा ने बताया कि फाउंडेशन स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित लोगों की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी लाहुल-स्पीति के विभिन्न सुदूर भागों में समय-समय पर इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन जारी रखा जाएगा।
Kullu, Kullu | Oct 11, 2026