लालूखेड़ी जन विश्वास शिविर में कलेक्टर डॉ. मीना ने तत्काल बनवाया निर्धन संतोष बाई का बीपीएल कार्ड
रूपाबाई के बेटे को स्कूल में दिलाया दाखिला
लालूखेड़ी जनविश्वास शिविर में 36 आवेदनों का हुआ निराकरण
आगर-मालवा 30 अक्टूबर/ मुख्यमंत्री जनविशवास अभियान आगर जिले की लालूखेड़ी निवासी निर्धन एवं असहाय संतोष बाई के लिये वरदान साबित हुआ है। इस अभियान के तहत् शुक्रवार को ग्राम लालूखेड़ी में आयोजित जन विश्वास शिविर में बी.पी.एल. कार्ड की सुविधा पाकर संतोषबाई की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। इस शिविर में उसने कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना से अनुरोध किया कि मैं असहाय और गरीब हूँ, परन्तु मुझे बीपीएल कार्ड नहीं होने से राशन की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को तत्काल पात्रता का परीक्षण कर संतोष बाई को नियमानुसार बीपीएल कार्ड की सुविधा प्रदान करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने तत्काल संबल योजना में पंजीयन कर उसके आधार पर संतोष बाई को बीपीएल कार्ड एवं खाद्यान्न पात्रता पर्ची बनवाकर शिविर मे ही उपलब्ध करवा दी। इस तरह जनविश्वास शिविर जरूरतमंदों के लिये घर बैठे अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान का एक उपयुक्त मंच साबित हो रहा है।
जनविश्वास शिविर में एक वृद्ध महिला रूपाबाई ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि उनके सात साल के पौते को स्कूल में प्रवेश नहीं दे रहे है। जन्म प्रमाण पत्र नहीं होने से आधार पंजीयन नहीं हुआ है और बगैर आधार पंजीयन के शाला में प्रवेश नहीं देकर कक्षा में नहीं बिठाया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को समक्ष में बुलाकर निर्देश दिए कि रूपाबाई के पौते को शिक्षा के अधिकार से किसी भी कारण से वंचित न रखा जाए, उसे कक्षा में प्रवेश की व्यवस्था सभी आवश्यक औपचारिकता पूर्ण कर सुनिश्चित की जाए। यदि आधार पंजीयन एवं जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक है, तो उसके लिये संबंधित शिक्षक विधिवत् आवेदन करवाकर इन प्रमाण पत्रों को अपने स्तर से प्राप्त करने की कार्यवाही करें।
इस जनविश्वास शिविर में कुल 36 आवेदन ग्रामीणों से प्राप्त हुए उनका शिविर में ही निराकरण कर मंच से संबंधित अधिकारियों ने की गई कार्यवाही से अवगत कराया। इस शिविर को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. मीना ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी शिविर में प्राप्त आवेदनों का शिविर में ही निराकरण सुनिश्चित करें। तहसीलदार सुनिश्चित करें कि बीपीएल संबंधी आवेदनों का शिविर में निराकरण हो जाए, यदि कोई पात्र नहीं हो, तो उसे शिविर में ही अवगत करा दिया जाए तथा यदि कोई पात्र आवेदक है तो उसे शिविर में बीपीएल कार्ड तैयार कर प्रदान किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि बिजली संबंधी ग्रामीणों की समस्याओं, बिजली के तारों और ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं का अधीक्षण यंत्री आज ही मौके पर निरीक्षण कर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। प्रयास किया जाएगा कि शेष सभी आवेदनों का भी यथासंभव शिविर में ही निराकरण हो।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भेरूसिंह चौहान, श्री पवन वेदिया, श्री रामेश्वर तेजरा ने भी सम्बोधित किया। प्रारंभ में कलेक्टर डॉ. मीना एवं अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री ओम प्रकाश राठौर ने किया और अंत में जनपद सीईओ श्री संतोष मांडलिक ने आभार माना।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी श्री रामचन्द्र शर्मा एवं अन्य अधिकारी तथा जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुकेश, उपाध्यक्ष श्री ईश्वर सिंह यादव, श्री दरबार सिंह एवं श्री भंवरसिंह सहित क्षेत्र के सरपंच गण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#agarmalwa
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026